श्रावणी मेला की तैयारी के बीच तीन वार्डों में पानी के लिए हाहाकार

 


भागलपुर, 24 जुलाई (हि.स.)।जिले के सुल्तानगंज नगर परिषद क्षेत्र से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। जहां एक तरफ विश्वप्रसिद्ध श्रावणी मेले की तैयारियों को लेकर प्रशासनिक स्तर पर बड़े-बड़े दावे किए जा रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ स्थानीय लोग बूंद-बूंद पानी के लिए तरस रहे हैं। नगर परिषद सुल्तानगंज के वार्ड नंबर 22, 23 और 24 में पिछले 10 दिनों से पेयजल आपूर्ति पूरी तरह ठप है। जलमीनार का मोटर खराब होने के कारण इन तीनों वार्डों के ग्रामीणों के सामने पानी का गंभीर संकट खड़ा हो गया है। स्थिति इतनी विकट है कि लोगों को अपनी प्यास बुझाने के लिए कोसों दूर से पानी ढोकर लाना पड़ रहा है। भीषण गर्मी के बीच पानी न मिलने से स्थानीय निवासियों में प्रशासन के खिलाफ भारी आक्रोश है।

इस गंभीर समस्या को लेकर पूर्व वार्ड पार्षद सह वार्ड प्रतिनिधि पप्पू झा उर्फ जयप्रकाश झा ने बताया कि वार्ड नंबर 22, 23 और 24 में पानी के लिए 'त्राहिमाम' की स्थिति बनी हुई है। उन्होंने कहा, पिछले 10 दिनों से मोटर खराब है, जिसे अब तक बदला नहीं गया है। अधिकारियों द्वारा केवल यह आश्वासन दिया जा रहा है कि मोटर मरम्मत के लिए भेजा गया है। जब तक मोटर ठीक होकर नहीं आता, तब तक पानी की किल्लत बनी रहेगी। पूर्व वार्ड पार्षद और ग्रामीणों का आरोप है कि इस विकट स्थिति के बावजूद नगर परिषद के किसी भी जिम्मेदार पदाधिकारी का ध्यान इस जनसमस्या की ओर नहीं गया है। श्रावणी मेले के आयोजन के बीच स्थानीय नागरिकों की इस तरह अनदेखी करना प्रशासनिक संवेदनशीलता पर बड़े सवाल खड़े करता है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही जलापूर्ति बहाल नहीं की गई, तो वे आंदोलन के लिए मजबूर होंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर