शिक्षक के निधन पर पत्नी को एसबीआई ने दी 10 लाख रुपये की सहायता राशि
किशनगंज, 11 मई (हि.स.)। सरकारी शिक्षक के असामयिक निधन के बाद उनके परिवार को आर्थिक संबल प्रदान करते हुए भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) की पश्चिमपाली शाखा ने सोमवार को 10 लाख रुपये की सहायता राशि प्रदान की।
यह राशि स्टेट गवर्नमेंट सैलरी पैकेज योजना के अंतर्गत मृत शिक्षक की पत्नी मंजू देवी को चेक के माध्यम से दी गई। जानकारी के अनुसार स्वर्गीय अजय कुमार राय यूएमएस दहुआबारी, कोचाधामन में शिक्षक के पद पर कार्यरत थे। कुछ समय पूर्व उनका असामयिक निधन हो गया था, जिसके बाद परिवार आर्थिक संकट से गुजर रहा था। इसी क्रम में एसबीआई पश्चिमपाली शाखा की ओर से बैंक की विशेष योजना के तहत उनके आश्रित परिवार को सहायता राशि उपलब्ध कराई गई।
पश्चिमपाली शाखा परिसर में आयोजित कार्यक्रम में एसबीआई कटिहार रीजनल ऑफिस के रीजनल मैनेजर संजीत कुमार सिंह, शाखा प्रबंधक अनिकेत आनंद तथा लोन ऑफिसर अमन कुमार झा की मौजूदगी में मंजू देवी को 10 लाख रुपये का चेक सौंपा गया। इस दौरान बैंक अधिकारियों ने परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि बैंक अपने ग्राहकों और उनके परिवारों के साथ हर परिस्थिति में खड़ा है।
शाखा प्रबंधक अनिकेत आनंद ने बताया कि स्टेट गवर्नमेंट सैलरी पैकेज के अंतर्गत सरकारी कर्मचारियों को विशेष सुविधाएं प्रदान की जाती हैं। उन्होंने कहा कि यदि किसी सरकारी कर्मी का वेतन खाता एसबीआई में संचालित होता है और किसी कारणवश उनकी मृत्यु हो जाती है, तो बैंक द्वारा उनके आश्रितों को आर्थिक सहायता दी जाती है।
इस योजना का उद्देश्य कठिन समय में परिवार को आर्थिक सहयोग उपलब्ध कराना है ताकि आश्रितों को तत्काल राहत मिल सके। उन्होंने कहा कि कई सरकारी कर्मचारी इस योजना की जानकारी नहीं रखते हैं, जबकि यह योजना परिवारों के लिए संकट की घड़ी में बड़ी मदद साबित होती है।
बैंक समय-समय पर ग्राहकों को ऐसी योजनाओं के प्रति जागरूक करने का प्रयास भी करता है। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने एसबीआई की इस पहल की सराहना की। स्थानीय लोगों का कहना था कि इस तरह की सहायता राशि परिवार के लिए कठिन समय में बड़ा सहारा बनती है। वहीं मृत शिक्षक के परिजनों ने बैंक अधिकारियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस आर्थिक सहयोग से परिवार को काफी राहत मिलेगी।
हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह