भाजपा के नवनिर्वाचित राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन से मिले खानकाह पीर दमड़िया शाह के सज्जादा नशीन
भागलपुर, 02 नवंबर (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के नवनिर्वाचित राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के पदभार ग्रहण करने के उपरांत उनके भागलपुर प्रथम आगमन पर खानकाह पीर दमड़िया शाह के सज्जादा नशीन सैयद शाह फकरे आलम हसन ने उनसे शिष्टाचार मुलाकात की। इस यात्रा के दौरान सज्जादा नशीन ने राष्ट्रीय अध्यक्ष को पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका गर्मजोशी से स्वागत किया तथा नई जिम्मेदारी के लिए हार्दिक बधाई, शुभकामनाएं और दुआएं पेश कीं। इस अवसर पर खानकाह से जुड़े कई गणमान्य लोग भी मौजूद रहे।
मुलाकात के दौरान सज्जादा नशीन सैयद शाह फकरे आलम ने कहा कि भाजपा का प्रसिद्ध नारा ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास’ अपने भीतर एक व्यापक राष्ट्रीय संदेश समेटे हुए है। आवश्यकता इस बात की है कि इस नारे को केवल भाषणों, घोषणाओं और राजनीतिक मंचों तक सीमित न रखकर व्यावहारिक धरातल पर पूरी ईमानदारी, निष्पक्षता और प्रतिबद्धता के साथ साकार किया जाए। देश के प्रत्येक धर्म, वर्ग और समुदाय के लोगों के दिलों में यह विश्वास पैदा होना चाहिए कि सरकार और राजनीतिक नेतृत्व की नजर में सभी नागरिक समान हैं तथा विकास, सम्मान, सुरक्षा व अवसरों पर सबका बराबर अधिकार है। देश में अराजकता के विरोध और शांति व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से आयोजित रैली के संदर्भ में सज्जादा नशीन ने कहा कि किसी भी परिस्थिति में देश के भीतर अराजकता, अशांति, हिंसा या नफरत का वातावरण उत्पन्न नहीं होना चाहिए।
उन्होंने कहा, “हमारा उद्देश्य किसी राजनीतिक दल का विरोध या समर्थन करना नहीं, बल्कि देश में अमन, शांति, भाईचारे, न्याय और मानवता के मूल्यों को मजबूत करना है। हमारा देश तभी मजबूत होगा, जब समाज के सभी वर्ग राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखकर आगे बढ़ेंगे।“ उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि नितिन नवीन अपने नए दायित्व का निर्वहन करते हुए समाज के सभी वर्गों के बीच आपसी विश्वास बढ़ाने और सामाजिक समरसता को मजबूत करने में सकारात्मक भूमिका निभाएंगे। अंत में उन्होंने भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष के उज्ज्वल भविष्य, उत्तम स्वास्थ्य एवं सफल कार्यकाल के लिए दुआएं भी कीं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर