सावन की अंतिम सोमवारी पर पर्यावरण एवं जल संरक्षण का संकल्प
बक्सर , 24 अगस्त (हि.स.)। सावन की अंतिम सोमवारी के अवसर पर हेरिटेज स्कूल, बक्सर के प्रांगण में पर्यावरण सुरक्षा, जल संरक्षण एवं हरियाली के प्रति जागरूकता को लेकर विशेष संकल्प कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय परिवार के सभी सदस्यों एवं विद्यार्थियों ने पर्यावरण संरक्षण की शपथ ली।
विद्यार्थियों ने पानी की प्रत्येक बूंद का सदुपयोग करने, जल को व्यर्थ नहीं बहाने, सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग कम करने तथा कम से कम एक पौधा लगाने और उसके पेड़ बनने तक देखभाल करने का संकल्प लिया। बच्चों ने आसपास स्वच्छता बनाए रखने, कचरा कूड़ेदान में डालने तथा पेड़-पौधों को नुकसान नहीं पहुंचाने की भी शपथ ली।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने प्रकृति, वृक्षों और जीवनदायिनी ऑक्सीजन के महत्व को समझते हुए एक मिनट का मौन एवं ध्यान भी किया। विद्यालय प्रबंधन ने कहा कि बच्चों में पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करना आज की आवश्यकता है। प्रत्येक बच्चा यदि जल, वृक्ष और प्रकृति संरक्षण को अपने व्यवहार में उतारे तो आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ एवं संतुलित पर्यावरण सुनिश्चित किया जा सकता है।
कार्यक्रम का संदेश रहा—“जल बचाएं, पेड़ लगाएं और प्रकृति को सुरक्षित बनाएं।”
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Jitendra Kumar Mishra