सावन के अंतिम सोमवार पर तिलेश्वर नाथ मंदिर पहुंचे डीएम, श्रद्धालुओं की सुविधाओं का लिया जायजा

 


सुपौल, 24 अगस्त (हि.स.)। सावन मास के अंतिम सोमवार के अवसर पर सोमवार, 24 अगस्त को जिलाधिकारी सावन कुमार ने सुखपुर स्थित प्रसिद्ध तिलेश्वर नाथ मंदिर का निरीक्षण किया। अंतिम सोमवारी को लेकर मंदिर में श्रद्धालुओं की उमड़ी भीड़ और धार्मिक आस्था को देखते हुए जिलाधिकारी ने मंदिर परिसर एवं आसपास की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं के लिए उपलब्ध साफ-सफाई, पेयजल, सुरक्षा व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण, आवागमन तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों एवं कर्मियों से व्यवस्थाओं की जानकारी ली और मौके पर मौजूद श्रद्धालुओं की सुविधाओं को लेकर आवश्यक निर्देश दिए।

डीएम ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सावन की अंतिम सोमवारी के अवसर पर मंदिर में पूजा-अर्चना एवं जलाभिषेक के लिए पहुंचने वाले श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। भीड़ को व्यवस्थित रखने के साथ-साथ मंदिर परिसर में साफ-सफाई एवं पेयजल की समुचित व्यवस्था लगातार सुनिश्चित करने को कहा गया।

उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी संबंधित अधिकारियों को सतर्क रहने का निर्देश दिया, ताकि श्रद्धालुओं की आवाजाही के दौरान किसी प्रकार की अप्रिय स्थिति उत्पन्न न हो। मंदिर परिसर में स्वच्छता व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने तथा आवश्यक स्थानों पर कर्मियों की तैनाती सुनिश्चित करने को भी कहा गया।

जिलाधिकारी ने कहा कि धार्मिक स्थलों पर पर्व-त्योहार के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। ऐसे में प्रशासन की प्राथमिकता श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुगम और सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराना है।

उन्होंने सभी संबंधित पदाधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी करने का निर्देश दिया। सावन की अंतिम सोमवारी को लेकर तिलेश्वर नाथ मंदिर में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ जुटी रही। श्रद्धालुओं ने भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक एवं पूजा-अर्चना कर सुख-समृद्धि की कामना की। मंदिर परिसर में हर-हर महादेव के जयघोष से पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र