सारण में 30 जून तक चलेगा खेत बचाओ अभियान

 




सारण, 01 जून (हि.स.)। कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय, भारत सरकार के निर्देशानुसार बिहार कृषि विभाग द्वारा आज से पूरे सारण जिले में राष्ट्रव्यापी खेत बचाओ अभियान की शुरुआत की गई। 1 जून से 30 जून 2026 तक चलने वाले इस विशेष अभियान के तहत जिले के विभिन्न प्रखंडों और पंचायतों में व्यापक जागरूकता कार्यक्रम, कार्यशालाएं तथा किसान संवाद आयोजित किए गए।

अभियान का मुख्य उद्देश्य रासायनिक उर्वरकों पर अत्यधिक निर्भरता को कम करना और किसानों के बीच खादों के विवेकपूर्ण व संतुलित उपयोग को बढ़ावा देना है। इसके साथ ही आम जनभागीदारी सुनिश्चित करते हुए टिकाऊ, पर्यावरण अनुकूल और प्राकृतिक खेती को प्रोत्साहित करना इसका प्रमुख लक्ष्य है। विभिन्न प्रखंडों में आयोजित कार्यक्रमों के दौरान कृषि विशेषज्ञों और विभागीय पदाधिकारियों ने किसानों को मृदा परीक्षण के महत्व और संतुलित पोषक तत्व प्रबंधन की विस्तृत जानकारी दी। वैज्ञानिकों ने आगाह किया कि रासायनिक उर्वरकों के असंतुलित प्रयोग से मिट्टी की उर्वरा शक्ति तेजी से घट रही है। इसके विपरीत, संतुलित और वैज्ञानिक उपायों को अपनाकर उत्पादन बढ़ाने के साथ-साथ मिट्टी की सेहत को भी सुरक्षित रखा जा सकता है।

किसानों को स्थानीय स्तर पर उपलब्ध संसाधनों का उपयोग कर लागत कम करने, जैव उर्वरक एवं कंपोस्ट का प्रयोग बढ़ाने तथा जैविक खेती अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। अभियान के सफल संचालन हेतु पंचायतों में प्रखंड तकनीकी प्रबंधक, सहायक तकनीकी प्रबंधक, कृषि समन्वयक और किसान सलाहकारों की सक्रिय टीमें तैनात की गई हैं, जो किसानों की शंकाओं का समाधान कर रही हैं।

जिला कृषि पदाधिकारी ने बताया कि यह अभियान पूरे जून माह तक सक्रिय रहेगा ताकि जिले के अंतिम किसान तक वैज्ञानिक एवं दीर्घकालिक लाभ वाली कृषि पद्धतियों की जानकारी पहुंचाई जा सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार