सावन की पहली सोमवारी पर शिवालयों में उमड़े श्रद्धालु,'ॐ नमः शिवाय', 'हर-हर महादेव' और 'बोल बम' के जयकारों से माहौल भक्तिमय हुआ
पटना, 03 जुलाई (हि.स.)।
सावन की पहली सोमवारी पर आज सुबह से ही बिहार के शिवालयों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। मंदिरों में 'ॐ नमः शिवाय', 'हर-हर महादेव' और 'बोल बम' के जयकारों से माहौल भक्तिमय हो गया।
उत्तर बिहार में मुजफ्फरपुर के बाबाधाम कहे जाने गरीबनाथ महादेव मंदिर में करीब एक लाख से ऊपर श्रद्धालुओं ने जलाभिषेक किया। वहीं भागलपुर के अजगैबीनाथ में 50 हजार शिवभक्तों ने महादेव को जल चढ़ाया।
सावन की पहली सोमवारी पर उत्तर बिहार के बाबाधाम कहे जाने वाले ऐतिहासिक गरीब स्थान मंदिर में आस्था का विहंगम नजारा देखने को मिल रहा है। रविवार की रात से ही बाबा गरीबनाथ पर जलाभिषेक करने के लिए भक्तों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी । पूरा मुजफ्फरपुर शहर 'बोल बम' और 'हर-हर महादेव' के जयघोष से गुंजायमान हो उठा ।
श्रद्धालु और शिव भक्त 87 किलोमीटर दूर पहलेजा घाट से पवित्र गंगाजल भरकर पैदल यात्रा करते हुए बाबा दरबार पहुंचे। भक्तों की सुविधा और सुरक्षा के लिए मंदिर से करीब 5 किलोमीटर दूर से ही कांवरियों की लंबी कतारें लगवाई गई हैं।
रविवार रात 10 बजे से शुरू हुआ यह सिलसिला सोमवार देर शाम तक अनवरत जारी रहा। भीड़ को नियंत्रित करने और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन और मंदिर प्रबंधन ने पुख्ता इंतजाम किए थें।
जिले के जिलाधिकारी (डीएम) और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) खुद मंदिर परिसर से लेकर पूरे कांवरिया पथ तक सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी कर रहे हैं। मंदिर और मेला परिसर में भारी संख्या में पुलिस बल के साथ-साथ पुरुष और महिला स्वयंसेवकों के सेवादल को तैनात किया गया है। अत्यधिक भीड़ को देखते हुए सभी श्रद्धालुओं ने कतारबद्ध होकर अरघा के माध्यम से बाबा गरीबनाथ को जल अर्पित किया।
गरीबनाथ मंदिर के मुख्य पुजारी बाबा विनय पाठक ने बताया कि पहली सोमवारी को लेकर भक्तों में अभूतपूर्व उत्साह है। उन्होंने अनुमान जताया कि सोमवार रात तक कांवरियों और स्थानीय भक्तों को मिलाकर जलाभिषेक करने वाले श्रद्धालुओं की कुल संख्या डेढ़ लाख के पार पहुंच सकती है। प्रशासन और सेवादल के आपसी सहयोग से इस महापर्व को पूरी तरह शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न कराया जा रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद चौधरी