कार्यक्रमों की सफलता के लिए बेहतर समन्वय और सक्रिय सहभागिता जरूरी : संजय सरावगी
पटना, 03 अक्टूबर (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी सासाराम पहुंचे और सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित विभिन्न बैठकों में शामिल हुए।
इस दौरान उन्होंने भाजपा जिला कार्यालय में कैमूर, रोहतास एवं औरंगाबाद जिले की क्षेत्रीय बैठक में सहभागिता की। बैठक में आगामी कार्यक्रमों की तैयारियों एवं रूपरेखा को लेकर प्रदेश पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, जिलाध्यक्षों और पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।
क्षेत्रीय बैठक में ‘सेवा ज्योति कलश यात्रा’ तथा ‘सेवा संकल्प यात्रा (वडनगर से वाराणसी)’ को लेकर तैयारियों पर चर्चा हुई। प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने आगामी कार्यक्रमों की विस्तृत रूपरेखा बताते हुए कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन किया। उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के प्रत्येक कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए संगठन के सभी स्तरों पर बेहतर समन्वय और सक्रिय सहभागिता आवश्यक है।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि सेवा संकल्प अभियान को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने के लिए समाज के विभिन्न वर्गों के साथ निरंतर संवाद करें। उन्होंने कहा कि संगठन की ताकत उसके समर्पित कार्यकर्ता हैं और सामूहिक प्रयासों से ही बड़े अभियानों को व्यापक जनभागीदारी से सफल बनाया जा सकता है।
बैठक की अध्यक्षता भाजपा रोहतास जिलाध्यक्ष संतोष पटेल ने की तथा संचालन की जिम्मेदारी भी निभाई गई।
बैठक में शाहाबाद प्रभारी सह प्रदेश महामंत्री नितिन अभिषेक साहू, प्रदेश उपाध्यक्ष राकेश कुमार, प्रदेश उपाध्यक्ष मुकेश शर्मा, प्रदेश मंत्री सह क्षेत्रीय प्रभारी प्रभाकर मिश्रा, प्रदेश मंत्री मुकेश कुमार, युवा मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष जितेंद्र सिंह, स्थानीय विधायक त्रिविक्रम नारायण सिंह, विधायक संगीता कुमारी सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।
औरंगाबाद जिलाध्यक्ष विजेंद्र सिंह चंद्रवंशी, रोहतास जिलाध्यक्ष संतोष पटेल तथा कैमूर जिलाध्यक्ष ओम प्रकाश पांडेय सहित तीनों जिलों के विधायक, पूर्व विधायक, जिला पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता बैठक में शामिल हुए।
इसके बाद प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने गोपाल नारायण सिंह विश्वविद्यालय, सासाराम में सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत ‘सेवा ज्योति कलश यात्रा’ एवं ‘वडनगर से वाराणसी’ कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर आयोजित समीक्षा बैठक में भाग लिया। यहां दोनों कार्यक्रमों की रूपरेखा और आगामी कार्ययोजना की विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक में कार्यक्रमों के प्रभावी क्रियान्वयन, कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर समन्वय तथा अधिक से अधिक लोगों को सेवा संकल्प अभियान से जोड़ने को लेकर विस्तार से चर्चा हुई। संजय सरावगी ने कहा कि आगामी कार्यक्रमों को लेकर सभी कार्यकर्ता अपनी जिम्मेदारियों का समर्पण और सक्रियता के साथ निर्वहन करें। उन्होंने पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन करते हुए कार्यक्रमों की तैयारियों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने पर जोर दिया।
इस मौके पर पीएम मोदी के जन्म नगर वडनगर (गुजरात) से लेकर उनके कर्म नगर वाराणसी तक बाइक रैली निकाली जा रही है। आगामी 6 अक्टूबर को यह बाइक रैली बिहार के 3 (औरंगाबाद, रोहतास, कैमूर) जिलों से होकर गुजरेगी।
बाइक रैली में शामिल लोगों का औरंगाबाद, रोहतास, कैमूर में स्वागत किया जाएगा। इसी क्रम में आज उन्होंने सासाराम (रोहतास) में कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर आवश्यक व्यवस्थाओं पर विस्तृत चर्चा की।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सेवा संकल्प अभियान को देखते हुए 50 बाइक सवारों का रात्रि विश्राम सासाराम में होगा। ये जत्था गुजरात से चलकर उत्तर प्रदेश (वाराणसी) तक जाएगी। लेकिन ये लोग बिहार के तीन अलग-अलग जिला से होकर भी गुजर रहे हैं। जिसकी तैयारी की लगातार समीक्षा की जा रही है।
इस अवसर पर शाहाबाद प्रभारी सह प्रदेश महामंत्री नितिन अभिषेक साहू, प्रदेश उपाध्यक्ष राकेश कुमार, स्थानीय विधायक त्रिविक्रम नारायण सिंह, युवा मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष जितेंद्र सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधि, पार्टी पदाधिकारी एवं गणमान्यजन उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुरभित दत्त