भागलपुर में धूमधाम से मनाई गई लौह पुरुष की 150वीं जयंती, भव्य एकता मार्च में उमड़ा जनसैलाब

 


भागलपुर, 31 अक्टूबर (हि.स.)। लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के पावन अवसर पर शनिवार को शहर में राष्ट्रीय एकता का संदेश देते हुए एक भव्य एकता मार्च का आयोजन किया गया। सरदार वल्लभभाई पटेल स्मारक समिति की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में शहर के हर वर्ग के लोगों ने अभूतपूर्व उत्साह के साथ बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।

मार्च में चिकित्सकों, शिक्षाविदों, समाजसेवियों और शहर के गणमान्य नागरिकों सहित भारी संख्या में आम शहरवासी शामिल हुए। सरदार भगत सिंह चौक से शुरू हुआ यह मार्च शहर के विभिन्न प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए कचहरी चौक स्थित सरदार पटेल चौक पर पहुंचकर संपन्न हुआ। यहाँ उपस्थित जनसमूह ने सरदार वल्लभभाई पटेल की प्रतिमा पर श्रद्धा और सम्मान के साथ माल्यार्पण किया और देश के प्रति उनके अतुलनीय योगदान को याद किया।

एकता मार्च के दौरान सड़कों पर उमड़ी भीड़ ने राष्ट्रीय एकता और अखंडता के संदेश को बुलंद किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती मनाना पूरे देश के लिए गौरव और हर्ष का विषय है।

उन्होंने रेखांकित किया कि आज का दिन पूरा देश 'राष्ट्रीय एकता दिवस' के रूप में मना रहा है। सरदार पटेल ने आज़ादी के बाद देश की सैकड़ों रियासतों को एक सूत्र में पिरोकर अखंड भारत के निर्माण में जो ऐतिहासिक भूमिका निभाई, उसे कभी भुलाया नहीं जा सकता। उनके विचार आज भी देश को एकजुट रखने की सबसे बड़ी प्रेरणा हैं।

वक्ताओं ने युवाओं और नागरिकों से आह्वान करते हुए कहा कि यदि हमें भारत को एक विकसित और सशक्त राष्ट्र बनाना है, तो हमें सरदार पटेल के विचारों, आदर्शों और उनकी एकता के संदेश को अपने जीवन में व्यावहारिक रूप से अपनाना होगा। इससे पूर्व, जयंती कार्यक्रम के तहत सुबह 9 से 10 बजे तक एक विचार संगोष्ठी का भी सफल आयोजन किया गया, जिसमें प्रबुद्धजीवियों ने सरदार पटेल के दर्शन पर अपने विचार रखे।

समिति द्वारा जानकारी दी गई कि इसी कड़ी में आगामी 1 नवंबर को एक विशाल स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया जाएगा। स्मारक समिति ने शहरवासियों से इस स्वास्थ्य शिविर में भी अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने और इसका लाभ उठाने की अपील की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर