मॉडल स्कूल में हर शनिवार टेस्ट लेने और स्मार्ट क्लास के प्रभावी संचालन का निर्देश
कटिहार, 18 अगस्त (हि.स.)। सरस्वती विद्या निकेतन (मॉडल स्कूल) उत्क्रमित माध्यमिक विद्यालय कल्याणगांव में पठन-पाठन की गुणवत्ता और स्मार्ट क्लास व्यवस्था को परखने मंगलवार को डीएम आशुतोष द्विवेदी पहुंचे। बलरामपुर प्रखंड स्थित इस विद्यालय के औचक निरीक्षण के दौरान उन्होंने शिक्षकों को स्तरीय व परिणामोन्मुख शिक्षा सुनिश्चित करने के सख्त दिशा-निर्देश दिए।
कक्षाओं में शिक्षण व्यवस्था का स्वयं जायजा लेते हुए उन्होंने निर्देश दिया कि विद्यार्थियों के सतत मूल्यांकन के लिए प्रत्येक शनिवार को अनिवार्य रूप से टेस्ट लिया जाए। इसके साथ ही बच्चों को पढ़ाई में आ रही कठिनाइयों को दूर करने के लिए विशेषज्ञ शिक्षकों द्वारा विशेष सत्र आयोजित करने का भी आदेश दिया।
छात्रों के सर्वांगीण विकास पर जोर देते हुए डीएम ने बच्चों को विद्यालय के बास्केटबॉल मैदान का नियमित उपयोग करने के लिए प्रेरित किया। वहीं विद्यालय परिसर की सुरक्षा पुख्ता करने के उद्देश्य से उन्होंने मॉडल स्कूल के चारों तरफ जल्द चहारदीवारी का निर्माण कार्य शुरू कराने का निर्देश दिया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह