राजेन्द्र कॉलेज में युवा कनेक्ट कार्यक्रम का आयोजन, पी एम मोदी के वर्चुअल संवाद से जुड़े छात्र व एनएसएस स्वयंसेवक

 




सारण, 27 अगस्त (हि.स.)। भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय तथा राष्ट्रीय सेवा योजना, क्षेत्रीय निदेशालय, पटना के द्वारा आज राजेन्द्र कॉलेज में मेरा युवा भारत - राष्ट्रीय खेल दिवस 2026 युवा कनेक्ट कार्यक्रम का आयोजन संपन्न हुआ। इस अवसर पर महाविद्यालय के सभागार में छात्र-छात्राओं, राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवकों एवं प्राध्यापकों ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के राष्ट्र के नाम वर्चुअल संबोधन एवं दो-तरफा संवाद के लाइव प्रसारण को उत्साहपूर्वक देखा और सुना।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राजेन्द्र कॉलेज के प्राचार्य प्रो. संजय कुमार ने अपने उद्बोधन में कहा कि खेल केवल शारीरिक स्फूर्ति का माध्यम नहीं है, बल्कि यह जीवन में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, समर्पण और चरित्र निर्माण की सबसे सशक्त पाठशाला है। उन्होंने प्रधानमंत्री के मेरा युवा भारत एवं फिट इंडिया विजन की सराहना करते हुए कहा कि राष्ट्रीय खेल दिवस हमें हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद के अदम्य समर्पण की याद दिलाता है और विद्यार्थियों को अकादमिक उत्कृष्टता के साथ-साथ खेलों में भी महाविद्यालय एवं देश का नाम रौशन करने के लिए निरंतर तत्पर रहना चाहिए।

इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित हिन्दी विभागाध्यक्ष प्रो. अशोक कुमार सिन्हा ने विद्यार्थियों को खेल भावना को जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में अपनाने के लिए प्रेरित किया। वहीं विशेष अतिथि राजनीति शास्त्र विभागाध्यक्ष प्रो. पूनम ने राष्ट्र निर्माण और युवा सशक्तिकरण में खेल नीतियों के योगदान पर प्रकाश डाला।

कार्यक्रम के विशेष आकर्षण एवं स्पोर्ट्स आइकॉन के रूप में उपस्थित जय प्रकाश विश्वविद्यालय के डॉ. राजेश नायक प्रसिद्ध बॉक्सर, कॉमनवेल्थ गेम्स में भारतीय बॉक्सिंग टीम के सेलेक्टर मेंबर एवं अंतर्राष्ट्रीय रेफरी ने अपने खेल अनुभवों को साझा करते हुए छात्रों को लक्ष्य के प्रति एकाग्रता, निरंतर अभ्यास और कभी हार न मानने का मूलमंत्र दिया।

भूगोल विभाग के कक्ष में आयोजित इस कार्यक्रम में एनएसएस स्वयंसेवकों और छात्र-छात्राओं की भागीदारी रही और लाइव प्रसारण का तकनीकी संचालन सुव्यवस्थित रहा। कार्यक्रम के दौरान मीडिया जगत से वरिष्ठ पत्रकार सुरभित दत्त एवं गनपत आर्यन विशेष रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम पदाधिकारी डॉ. बैठियार सिंह साहू, डॉ. इकबाल जफर अंसारी, डॉ. प्रत्यूष सिंह, डॉ. सुशील कुमार, माई भारत की ओर से सचिन कुमार चौरसिया समेत कई शिक्षक और छात्र उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार