मांझी में तालाब में डूबने से युवक लापता

 


सारण, 24 अगस्त (हि.स.)। मांझी प्रखंड के नचाप गांव स्थित राम जानकी मंदिर के पास बने छठ घाट पोखरा में सोमवार दोपहर नहाने के दौरान एक 18 वर्षीय युवक गहरे पानी में डूब गया। लापता युवक गांव के ही शैलेश सिंह के पुत्र रितीश कुमार सिंह उर्फ धनु है।

जानकारी के अनुसार रितीश अपने दोस्तों के साथ पोखरा में नहा रहा था, तभी अचानक गहरे पानी में चले जाने से वह डूबने लगा। दोस्तों के प्रयास के बावजूद वह पानी में ओझल हो गया। खबर मिलते ही गांव में सन्नाटा पसर गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

सूचना मिलने पर मांझी थाना पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन घंटों बीत जाने के बाद भी सीओ और सरकारी गोताखोर की टीम के न पहुंचने से ग्रामीणों में आक्रोश देखा गया। स्थानीय लोग खुद अपने स्तर से खोजबीन में जुटे हैं और जल्द से जल्द गोताखोरों की तैनाती की मांग कर रहे हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार