सारण में फिर बिजली कार्यालय के टावर पर चढ़ा युवक

 








सारण, 01 सितंबर (हि.स.)। नगर थाना क्षेत्र के पावर हाउस के नजदीक न्यू कॉलोनी में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब संजीत कुमार उर्फ भोला नामक युवक बिजली विभाग के कनीय अभियंता कार्यालय तेलपा परिसर स्थित टावर पर चढ़ गया। घटना की सूचना मिलते ही नगर थाना पुलिस, डायल 112 और फायर ब्रिगेड की गाड़ियां तुरंत मौके पर पहुंच गईं।

समाचार लिखे जाने तक पुलिस और परिजनों के लाख प्रयासों के बावजूद युवक टावर से नीचे नहीं उतरा था, जिसे देखने के लिए स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जुट गई। जानकारी के अनुसार भोला साइबर कैफे चलाने के साथ-साथ ड्राइविंग का काम भी करता है। आर्थिक संकट और मानसिक तनाव से परेशान होकर ही वह टावर पर चढ़ गया।

संजीत उर्फ भोला की पत्नी सुगंती देवी ने बताया कि उनके पति घर पर ही रहते हैं, लेकिन उन्हें जानकारी मिली है कि उन पर पचास-साठ लाख रुपये का कर्ज हो गया है और किसी ने उन पर भारी दबाव बना रखा है। पत्नी ने रोते हुए बताया कि पिछले 10-15 दिनों से वे काफी तनाव में थे और ठीक से खाना भी नहीं खा रहे थे।

आज वह अचानक घर से बिना बताए निकल आए थे। वह घर में खाना बना रही थीं, तभी बच्चों के शोर मचाने पर उन्हें घटना की सूचना मिली, जिसके बाद वे भागकर मौके पर पहुंचीं। प्रशासन और पुलिस के अधिकारी लगातार युवक को सुरक्षित नीचे उतारने की कोशिश में जुटे हुए हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार