अस्मिता राष्ट्रीय महिला साइक्लिंग लीग की पहली बार मेजबानी करेगा सारण
सारण, 26 नवंबर (हि.स.)। खेलो इंडिया अभियान के तहत अस्मिता महिला राष्ट्रीय रोड साइक्लिंग लीग 2026 की मेजबानी पहली बार बिहार को मिली है, जिसका आयोजन सारण के गरखा में 5 एवं 6 दिसंबर को होगा।
साइक्लिंग एसोसिएशन ऑफ सारण की देखरेख में होने वाली इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में चारों जोन से लगभग 96 महिला साइक्लिस्ट हिस्सा लेंगी। जिला प्रशासन की स्वीकृति से दोनों दिन सुबह 7 से दोपहर 12 बजे तक गरखा चौक से कटसा चौक के बीच करीब पांच किलोमीटर के मार्ग पर रेस होगी।
प्रदेश सचिव डॉ. कौशल किशोर सिंह ने कहा कि यह सारण के लिए गौरवपूर्ण अवसर है, जिससे राज्य की महिला खिलाड़ियों को राष्ट्रीय मंच मिलेगा और साइक्लिंग को नई पहचान मिलेगी। अध्यक्ष सह सचिव डॉ. देव कुमार सिंह ने तैयारियों की जानकारी दी, जबकि आयोजन समिति के अध्यक्ष राकेश कुमार सिंह ने बताया कि खिलाड़ियों व अतिथियों के आवासन, सुरक्षा, परिवहन और चिकित्सा व्यवस्था के लिए समितियां गठित की गई हैं।
प्रतियोगिता का उद्घाटन जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव करेंगे। मुख्य अतिथि के रूप में मंत्री संजय सिंह टाइगर व मिथिलेश तिवारी उपस्थित रहकर विजेताओं को पुरस्कृत करेंगे। आयोजन में डॉ. सुरेश प्रसाद सिंह, संजीव कुमार चौधरी, अभिषेक सिंह, शैलेन्द्र पुरी, मनोरंजन पाठक, बिपिन कुमार मिश्रा व आनंद वर्मा सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार