गंडक के बढ़ते जलस्तर से मकेर व तरैया के निचले इलाकों में घुसा पानी
सारण, 29 सितंबर (हि.स.)। गंडक नदी के जलस्तर में वृद्धि होने से मकेर, परसा, पानापुर एवं तरैया के निचले इलाकों में पानी घुसना शुरू हो गया है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव एवं वरीय पुलिस अधीक्षक रौशन कुमार द्वारा बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने बाढ़ नियंत्रण एवं जल निस्सरण प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता को निरोधात्मक कार्य तेजी से पूरा करने के आवश्यक निर्देश दिए। साथ ही तटबंधों की सुरक्षा के लिए भंडारित ईसी बैगों की उपलब्धता का भी जायजा लिया।
तटबंधों की सुरक्षा हेतु जिला प्रशासन व बाढ़ नियंत्रण दल द्वारा नाइट पेट्रोलिंग के जरिए सतत निगरानी रखी जा रही है। वहीं, प्रभावित निचले इलाकों से परिवारों को सुरक्षित निकालने के लिए एसडीआरएफ की टीम तैनात कर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार