सारण के अमनौर में 115.930 किग्रा गांजा के साथ दो आरोपित गिरफ्तार

 




सारण, 20 नवंबर (हि.स.)। अमनौर थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए उजले रंग की एक कार से 115.930 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया है। इस मामले में पुलिस ने दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि उजले रंग की कार से अवैध गांजा सोन्हो के रास्ते अमनौर की ओर लाया जा रहा है।

सूचना की पुष्टि के बाद दंडाधिकारी की उपस्थिति में पुलिस टीम ने अमनौर चौक के समीप सघन वाहन जांच अभियान शुरू किया। इसी दौरान शाम करीब 4:35 बजे सोन्हो की ओर से आती एक उजली कार को रुकने का इशारा किया गया, लेकिन चालक वाहन भगाकर भागने का प्रयास करने लगा। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए कार को रोक लिया।

पकड़े गए चालक की पहचान ग्राम राजवाड़ा, थाना घोड़ासहन, जिला पूर्वी चंपारण (मोतिहारी) निवासी अशर्फी गिरी के पुत्र मोतीलाल गिरी के रूप में हुई। कार की तलाशी लेने पर 115.930 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। पूछताछ में मोतीलाल गिरी ने बताया कि वह यह गांजा अमनौर थाना क्षेत्र के झखरी गांव निवासी मुकेश कुमार, पिता वन्धन राय, को डिलीवरी करने जा रहा था।

उसकी निशानदेही पर पुलिस ने झखरी स्थित मुकेश कुमार के घर छापेमारी कर उसे भी गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई में गांजे के अलावा एक कार, दो मोबाइल, 2900 रुपये नकद, एक आधार कार्ड, वाहन का स्मार्ट कार्ड और एक ड्राइविंग लाइसेंस जब्त किया गया है। अमनौर थाना ने एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार