छपरा जंक्शन पर शराब के साथ तीन तस्कर गिरफ्तार
सारण, 08 सितंबर (हि.स.)। छपरा जंक्शन के पूर्वी यार्ड में रेलवे सुरक्षा बल, सीआईबी और राजकीय रेलवे पुलिस की संयुक्त टीम ने आज कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में विदेशी शराब के साथ तीन संदिग्ध तस्करों को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान इनके पिट्ठू और ट्राॅली बैग से कुल 24.66 लीटर विदेशी शराब बरामद हुई, जिसकी बाजार में अनुमानित कीमत 26,430 रुपये है।
बरामद शराब में विभिन्न ब्रांड 61 बोतलें जिनमें 24 बोतल 750 एम एल तथा 37 बोतल 180 एम एल शामिल हैं। गिरफ्तार तस्करों की पहचान निखिल कुमार महिषौर, वैशाली निवासी निखिल कुमार, कदम कुआं पटना निवासी पंकज कुमार एवं जंदाहा पटना निवासी अंकित कुमार के रूप में हुई है।
इस कारवाई को अंजाम देने वाली टीम में आरपीएफ छपरा जं. के उपनिरीक्षक विशाल, सीआईबी के एएसआई बृज सुंदर कुमार, हेड कांस्टेबल राम सूरत यादव, आरपीएफ कर्मी जितेंद्र कुमार व राजनाथ यादव, तथा जीआरपी के एएसआई शैलेश कुमार व सिपाही अनुज कुमार शामिल रहे। जीआरपी छपरा ने सभी आरोपियों को हिरासत में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार