बनियापुर में चेकिंग के दौरान रिवाल्वर के साथ तीन गिरफ्तार
सारण, 19 अगस्त (हि.स.)। पुलिस द्वारा चलाए जा रहे अपराध नियंत्रण अभियान के तहत बनियापुर पुलिस ने धनगढ़ा तीन मुहानी के पास वाहन जांच के दौरान एक मोटरसाइकिल पर सवार तीन युवकों को अवैध हथियार के साथ गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार बनियापुर पुलिस द्वारा तलाशी लेने पर उनके पास से एक अवैध रिवाल्वर, एक मोटरसाइकिल और तीन मोबाइल फोन बरामद हुए। हथियार का कोई वैध कागजात प्रस्तुत न करने पर पुलिस ने जब्त कर लिया।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान धनगढ़ा निवासी मोनू कुमार महतो, तथा डाढ़ीबाढ़ी निवासी सूरज पाण्डेय और चंचल कुमार पाण्डेय के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार मोनू और सूरज का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है। इस मामले में बनियापुर थाना ने कांड दर्ज कर आर्म्स एक्ट के तहत आगे की कानूनी कार्रवाई की कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार