सारण में हत्या और लूट के कई मामलों में फरार आरोपित टिंकू सिंह समेत 3 गिरफ्तार
सारण, 19 सितंबर (हि.स.)। जिले में अपराधियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बनियापुर थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई बनियापुर थाना में दर्ज मामले से जुड़ी है। गिरफ्तार आरोपिताें में बनियापुर प्रखंड के पिरौटा गांव निवासी टिंकू सिंह, गोपालगंज जिला के मांझा सिपाहखास गांव निवासी मेराज अंसारी और गोपालगंज जिला मांझागढ़ धोबवलिया निवासी अरविन्द सोनी शामिल है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपित टिंकू सिंह का लंबा आपराधिक इतिहास रहा है। उस पर सारण और गोपालगंज जिले के विभिन्न थानों में हत्या, रंगदारी, लूट और आर्म्स एक्ट जैसे सात मामले दर्ज हैं। वहीं अभियुक्त मेराज अंसारी पर भी गोपालगंज के मोहम्मदपुर थाने में आर्म्स एक्ट का मामला दर्ज है।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने आरोपितों के पास से तीन मोबाइल, एक सोने का लॉकेट, एक मोटरसाइकिल और पाँच सौ रुपए नकद जब्त किए हैं पुलिस गिरफ्तार किए गए सभी आरोपितों के खिलाफ अग्रतर कानूनी कार्रवाई कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार