परसा थाना पुलिस ने वाहन जांच के क्रम में चोरी की बाइक के साथ तीन आरोपितों को किया गिरफ्तार
सारण, 08 सितंबर (हि.स.)। जिले के परसा थाना पुलिस ने विशेष वाहन जांच और छापेमारी अभियान के दौरान एक चोरी की एक मोटरसाइकिल के साथ तीन शातिर आरोपित को गिरफ्तार किया है।
वरीय पुलिस अधीक्षक कार्यालय द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार परसा थाना क्षेत्र में वाहन जांच के दौरान एक बाइक पर सवार तीन संदिग्ध व्यक्ति पुलिस को देख तेजी से भागने का प्रयास करने लगे।
पुलिस बल ने तत्परता दिखाते हुए पीछा कर चालक आकाश कुमार सैदपुर दरियापुर को गिरफ्तार किया। वाहन के वैध कागजात मांगने पर वह कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।
गिरफ्तार आरोपित की निशानदेही पर छापेमारी कर पुलिस ने दो अन्य आरोपितों प्रेम कुमार और सागर कुमार ग्राम पोझी, थाना-डेरनी को भी गिरफ्तार कर लिया।
गहन जांच में खुलासा हुआ कि बरामद मोटरसाइकिल चोरी की है, जिसके संबंध में रामकृष्णा नगर थाने में प्राथमिकी दर्ज है। इस संबंध में पुलिस ने परसा थाना में मामला दर्ज कर आरोपितों पर विधि-सम्मत कार्रवाई कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार