जिलाधिकारी और एसएसपी के समक्ष हरिहरनाथ मंदिर समिति ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों के विस्तार की मांग की
सारण, 18 नवंबर (हि.स.)। विश्व प्रसिद्ध हरिहरक्षेत्र सोनपुर मेला आगामी 22 नवंबर से शुरू होने जा रहा है। मेले की तैयारियों का जायजा लेने के लिए सारण के जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव और एसएसपी रौशन कुमार ने प्रशासनिक टीम के साथ बुधवार शाम बाबा हरिहरनाथ मंदिर का निरीक्षण किया। इस दौरान उनके साथ एसडीओ सहित कई प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने मंदिर न्यास समिति के सचिव विजय कुमार सिंह लल्ला से मुलाकात कर सुरक्षा व अन्य व्यवस्थाओं पर चर्चा की। इस दौरान सचिव ने मांग रखी कि रामायण मंचन के मंच पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों का संचालन सिर्फ अंतिम चरण के बजाय पूरे एक महीने तक किया जाए, ताकि श्रद्धालुओं को भक्तिमय माहौल मिल सके।
जिलाधिकारी ने इस मांग को गंभीरता से लेते हुए सकारात्मक पहल करने का आश्वासन दिया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार