सांसद जनार्दन सिंह सिग्रीवाल संग पूर्वोत्तर रेलवे के महाप्रबंधक ने एकमा स्टेशन का किया निरीक्षण

 






सारण, 07 अक्टूबर (हि.स.)। पूर्वोत्तर रेलवे के महाप्रबंधक उदय बोरवणकर ने बुधवार को अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत पुनर्विकसित किए जा रहे एकमा रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया। जनसंपर्क अधिकारी महेश गुप्ता ने बताया कि इस दौरान उन्होंने स्टेशन परिसर में जारी विभिन्न पुनर्विकास एवं सुंदरीकरण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया और अधिकारियों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता के साथ कार्य पूरा करने के सख्त निर्देश दिए।

निरीक्षण के उपरांत महाप्रबंधक उदय बोरवणकर ने महाराजगंज के सांसद जनार्दन सिंह सिग्रीवाल के साथ स्टेशन के निर्माणाधीन विकास कार्यों पर विस्तृत चर्चा की। बातचीत के दौरान द्वितीय प्रवेश द्वार पर रेल यात्रियों और स्थानीय लोगों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए कार्य योजना बनाने तथा पुनर्विकास कार्यों में तेजी लाने पर सहमति बनी। महाप्रबंधक ने मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन के साथ द्वितीय प्रवेश द्वार के लेआउट का अवलोकन किया और आवश्यक दिशानिर्देश प्रदान किए।

महाप्रबंधक ने स्टेशन पर पेयजल व्यवस्था, सर्कुलेटिंग एरिया तथा प्लेटफॉर्मों पर चल रहे निर्माण कार्यों की वर्तमान स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने पे एंड यूज शौचालय, महिला एवं पुरुष प्रतीक्षालय, आरपीएफ ड्यूटी पोस्ट और स्टेशन अधीक्षक कक्ष में मौजूद विफलता पंजिका सहित अन्य अभिलेखों की गहन जांच की।इसके साथ ही बुकिंग कार्यालय, आरक्षण केंद्र, व्हीलचेयर, स्ट्रेचर और रिले रूम का भी निरीक्षण किया गया।

महाप्रबंधक ने स्पष्ट किया कि संरक्षा रेलवे की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने रेल परिसंपत्तियों के समुचित रखरखाव, यात्री सुविधाओं में निरंतर सुधार और स्टेशन परिसर में स्वच्छता पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया।

इस अवसर पर मुख्य प्रशासनिक अधिकारी निर्माण अनुज मित्तल, प्रमुख मुख्य इंजीनियर तुषार कान्त पाण्डेय, प्रमुख मुख्य वाणिज्य प्रबंधक प्रकाश चन्द्र जायसवाल, प्रधान मुख्य सुरक्षा आयुक्त सत्य प्रकाश, सीएओ नवीन कुमार झा, मुख्य जनसंपर्क अधिकारी सुमित कुमार और वाराणसी मंडल के मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार