छठ महापर्व पर उमड़ने वाली भीड़ को लेकर छपरा जंक्शन का जिलाधिकारी और वरीय पुलिस अधीक्षक ने किया निरीक्षण
सारण, 13 नवंबर (हि.स.)। लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर छपरा जंक्शन पर यात्रियों की सुरक्षा और सुविधाओं के रेलवे प्रशासन द्वारा व्यापक व्यवस्था किए गए हैं।
इसी क्रम में देर रात्रि जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव और वरीय पुलिस अधीक्षक रौशन कुमार ने छपरा जंक्शन का संयुक्त निरीक्षण किया। अधिकारियों ने प्लेटफॉर्म से लेकर सर्कुलेटिंग एरिया तक सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन व्यवस्था का जायजा लिया।
यात्रियों की सुविधा के लिए सर्कुलेटिंग एरिया में जर्मन हैंगर टेंट बनाए गए हैं, जिनमें आरामदायक कुर्सियां, शुद्ध पेयजल, मोबाइल चार्जिंग पॉइंट और लाइव ट्रेन जानकारी के लिए एलईडी डिस्प्ले बोर्ड लगाए गए हैं। साथ ही, आपात स्थिति के लिए मेडिकल टीम और फर्स्ट एड किट की विशेष व्यवस्था है। टेंटों और विश्राम स्थलों पर गूंज रहे पारंपरिक छठ गीतों से पूरा परिसर भक्तिमय हो गया है।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि पर्व के दौरान यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को नियंत्रित करने और आवाजाही सुगम बनाने में कोई कोताही न बरती जाए।
एसएसपी रौशन कुमार ने पुलिस बल को स्टेशन परिसर में सतत निगरानी रखने के निर्देश दिए। इस दौरान सदर अनुमंडल पदाधिकारी, जीआरपी, आरपीएफ एवं रेलवे के अधिकारी समेत अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार