मादक पदार्थ के सम्भावित हॉटस्पॉट चिन्हित कर सप्लाई चेन तोड़ने का जिलाधिकारी ने दिया निर्देश
सारण, 29 अगस्त (हि.स.)।जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव की अध्यक्षता में नारकोटिक्स एवं नशा विरोधी अभियान को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में वरीय पुलिस अधीक्षक रोशन कुमार सहित जिला स्तरीय पदाधिकारी व नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो, पटना के अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से जुड़े।
बैठक में जिलाधिकारी ने मादक पदार्थों की सप्लाई चेन ध्वस्त करने, डार्क एरिया व संभावित हॉटस्पॉट को चिन्हित कर कार्रवाई करने और रेल मार्गों पर निगरानी बढ़ाने का सख्त निर्देश दिया। उन्होंने निर्देश दिया कि दवा दुकानों की नियमित जांच की जाए ताकि प्रतिबंधित दवाओं की बिक्री पर पूरी तरह रोक लग सके।
इसके साथ ही, स्कूलों में 'साइबर मंगलवार', जीविका समूहों और ग्रामीण क्षेत्रों के जरिए व्यापक जागरूकता अभियान चलाने को कहा गया। सदर अस्पताल परिसर में नशा मुक्ति केंद्र की स्थापना हेतु उपयुक्त स्थल के चयन पर भी चर्चा हुई। जिलाधिकारी ने जनप्रतिनिधियों व विभागों के समन्वय से नशे के खिलाफ ठोस कदम उठाने पर बल दिया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार