जिला जज एवं सचिव ने छपरा मंडल कारा में क्षमता से अधिक बंदियों पर दिए कड़े निर्देश
सारण, 28 सितंबर (हि.स.)। जिला विधिक सेवा प्राधिकार सारण के अध्यक्ष-सह-जिला एवं सत्र न्यायाधीश अनंत कुमार सिंह तथा डालसा सचिव राजीव कुमार ने आज मंडल कारा छपरा का विस्तृत निरीक्षण किया। कारागार पहुँचने पर जेल अधीक्षक अमरजीत सिंह ने पौधा भेंट कर जिला जज का स्वागत किया। इसके बाद अधिकारियों ने कारा परिसर में पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने जेल परिसर की साफ-सफाई, सुरक्षा व्यवस्था, बंदियों के खान-पान, स्वास्थ्य सेवाओं और उन्हें मिलने वाली विधिक सहायता की अद्यतन स्थिति की समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान प्रस्तुत आंकड़ों के अनुसार, मंडल कारा की कुल क्षमता 1063 है, जिनमें 1001 पुरुष, 62 महिला बंदियों की है, जबकि वर्तमान में कुल 1703 बंदी जिनमें 1634 पुरुष, 69 महिला संसीमित हैं। इनमें 1576 विचाराधीन जिसमें 364 उत्पाद अधिनियम के तहत और 126 सजावार बंदी शामिल हैं। इसके अलावा 4 बंदी इलाज हेतु बाहर हैं तथा महिला बंदियों के साथ 7 बच्चे 5 बालक 2 बालिका भी रह रहे हैं।
क्षमता से अधिक बंदियों की संख्या को देखते हुए जिला जज ने कारा प्रशासन को स्वच्छता और स्वास्थ्य सुविधाओं पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने जेल अस्पताल में संक्रामक बीमारियों से पीड़ित बंदियों के लिए पृथक एवं विशेष व्यवस्था करने को कहा। साथ ही, जिन बंदियों के पास पैरवी हेतु अधिवक्ता नहीं हैं, उन्हें प्राधिकार के माध्यम से त्वरित निःशुल्क विधिक सहायता उपलब्ध कराने के सख्त निर्देश दिए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार