सारण के राजेंद्र कॉलेज में स्टाफ काउंसिल की हुई बैठक
सारण, 20 अगस्त (हि.स.)। राजेंद्र कॉलेज परिसर में प्रभारी प्राचार्य प्रो संजय कुमार की अध्यक्षता में स्टाफ काउंसिल की बैठक आयोजित की गई। इसमें महाविद्यालय के शैक्षणिक उन्नयन, बुनियादी ढांचे के विकास तथा शिक्षक एवं कर्मचारियों से जुड़ी समस्याओं पर विचार-विमर्श हुआ।
प्राचार्य ने अध्यक्षीय भाषण में कक्षाओं व प्रयोगशालाओं के आधुनिकीकरण और प्रशासनिक समस्याओं के स्थायी समाधान का खाका प्रस्तुत किया। शिक्षक संघ के सचिव डॉ प्रशांत कुमार सिंह ने बीसीए व बीबीए पाठ्यक्रम को प्रभावी बनाने, इंटर्नशिप, बकाया वेतन भुगतान और अवकाश के दौरान वेतन कटौती रोकने की मांग रखी।
शिक्षकेतर कर्मचारी संघ के अध्यक्ष हरिहर मोहन ने लंबित प्रोन्नति, वेतनान्तर भुगतान और कार्यस्थल पर बुनियादी सुविधाएं देने पर जोर दिया। बैठक में मुकदमों की बढ़ती संख्या पर भी चिंता व्यक्त की गई। प्राचार्य ने सभी समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया। इस अवसर पर प्रो. अशोक कुमार सिन्हा, प्रो पूनम सहित सभी शिक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार