सारण एसएसपी ने किया हरिहरनाथ थाने का औचक निरीक्षण

 


सारण, 06 अगस्त (हि.स.)। सोनपुर वरीय पुलिस अधीक्षक विनीत कुमार ने आज हरिहरनाथ थाने का औचक निरीक्षण कर विधि-व्यवस्था और प्रशासनिक व्यवस्थाओं का जायजा लिया। थाना परिसर पहुंचने पर उन्हें जवानों द्वारा गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया।

निरीक्षण के दौरान एसएसपी ने थाना की कार्यप्रणाली, लंबित मामलों की स्थिति, मालखाना, हाजत, शस्त्रागार, सीसीटीवी और आगंतुक पंजी की गहन जांच की। उन्होंने अधिकारियों को लंबित कांडों का त्वरित निष्पादन, फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी, नियमित वाहन चेकिंग तथा रात्रि गश्ती को अधिक प्रभावी बनाने का सख्त निर्देश दिया।

सारण एसएसपी ने आमजन की शिकायतों का समयबद्ध समाधान करने और जनता के साथ शालीन व संवेदनशील व्यवहार पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि पुलिस की हर कार्रवाई में पारदर्शिता और जवाबदेही होनी चाहिए। साथ ही, थाना परिसर की स्वच्छता और अभिलेखों को अद्यतन रखने का निर्देश दिया।

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार