बाबा हरिहर नाथ मंदिर में पीएम मोदी के जन्मदिवस पर होंगे विशेष अनुष्ठान

 

सारण, 14 सितंबर (हि.स.)। सोनपुर बिहार राज्य धार्मिक न्यास पर्षद के निर्देशानुसार 17 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्म दिवस के अवसर पर हरिहरक्षेत्र सोनपुर स्थित प्रसिद्ध बाबा हरिहर नाथ मंदिर में धार्मिक अनुष्ठानों का आयोजन किया जाएगा।

इस दौरान प्रधानमंत्री के दीर्घायु व स्वस्थ जीवन की कामना के साथ महामृत्युंजय जाप, सुंदरकांड पाठ, हनुमान चालीसा पाठ, सामूहिक प्रार्थना और भव्य सायंकालीन दीपोत्सव मनाया जाएगा।

न्यास समिति के सचिव विजय कुमार सिंह लल्ला ने बताया कि इस रूपरेखा का मुख्य उद्देश्य अध्यात्म और राष्ट्रीय सेवा का समन्वय स्थापित करना है। सामूहिक जाप के माध्यम से प्रधानमंत्री की साधना और सेवा को सम्मान दिया जाएगा।

अध्यक्ष प्रमोद मुकेश ने कहा कि यह आयोजन केवल धार्मिक अनुष्ठान न होकर देशवासियों में राष्ट्र निर्माण के प्रति संकल्प को मजबूत करने का जरिया है। इससे समाज को समृद्ध और विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय योगदान देने की प्रेरणा मिलेगी।

कोषाध्यक्ष निर्भय कुमार एवं सहकोषाध्यक्ष मिथिलेश कुमार सिन्हा ने आम जनता से इस दीपोत्सव और सामूहिक प्रार्थना में भाग लेने की अपील की है, ताकि हर नागरिक देश की प्रगति की इस यात्रा से सीधे जुड़ सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार