बाढ़ प्रभावित सारण में पशुधन की सुरक्षा के लिए विशेष चिकित्सा अभियान

 


सारण, 07 सितंबर (हि.स.)। जिले के बाढ़ प्रभावित इलाकों में पशुधन की सुरक्षा और स्वास्थ्य देखभाल के लिए जिला प्रशासन एवं पशुपालन विभाग पूरी तत्परता से जुट गया है। जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव के निर्देश पर जिला पशुपालन पदाधिकारी के नेतृत्व में बाढ़ग्रस्त क्षेत्रों में मवेशियों के लिए चिकित्सा सुविधाएं, आवश्यक दवाइयों की उपलब्धता और उपचार की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।

प्रभावित गांवों में प्रतिनियुक्त विशेष पशु चिकित्सा दलों द्वारा लगातार क्षेत्रों का दौरा कर पशुओं के स्वास्थ्य की सघन जांच की जा रही है। इस दौरान जरूरतमंद पशुओं का तत्काल उपचार कर मुफ्त दवाइयां वितरित की जा रही हैं।

साथ ही, पशुपालकों को इस विषम परिस्थिति में पशुओं के खान-पान, चारे की सुरक्षा और संक्रामक बीमारियों से बचाव के लिए जरूरी परामर्श भी दिए जा रहे हैं। प्रशासन के इस कदम से बाढ़ की विभीषिका झेल रहे पशुपालकों को बड़ी राहत मिली है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार