शंभू कमलाकर मिश्र का निधन, संघ परिवार व विभिन्न संगठनों ने दी श्रद्धांजलि
सारण, 11 अगस्त (हि.स.)। जिला के जाने-माने सामाजिक, साहित्यिक एवं राष्ट्रवादी चिंतक तथा राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के वरिष्ठ स्वयंसेवक पं शंभू कमलाकर मिश्र का सोमवार की रात निधन हो गया। वे साहित्यिक, सामाजिक, सांस्कृतिक एवं शैक्षिक संगठनों के मार्गदर्शक तथा सेवानिवृत्त शिक्षक थे। उनके पुत्र रजनीश सुधाकर के अनुसार उन्होंने सोमवार रात अंतिम सांस ली।
निधन का समाचार मिलते ही छपरा शहर के मौना बानगंज स्थित उनके आवास पर अंतिम दर्शन के लिए लोगों की भीड़ जुटने लगी। विभिन्न सामाजिक, साहित्यिक और राष्ट्रवादी संगठनों से जुड़े लोगों ने उनके पार्थिव शरीर पर श्रद्धासुमन अर्पित किए। तत्पश्चात, सारण जिला स्थित रिविलगंज के सेमरिया घाट पर उनका अंतिम संस्कार संपन्न हुआ, जहाँ उनके ज्येष्ठ पुत्र डॉ विनायक पद्माकर ने मुखाग्नि दी और वे पंचतत्व में विलीन हो गए।
इस अवसर पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, विश्व हिंदू परिषद, बजरंग दल, संस्कार भारती, विद्या भारती, भाजपा सहित संघ परिवार के विभिन्न घटकों के स्वयंसेवक, पदाधिकारी, शिक्षक संघ के प्रतिनिधि तथा सैकड़ों गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी ने उन्हें अश्रुपूरित अंतिम विदाई देते हुए ईश्वर से उनकी आत्मा की शांति की प्रार्थना की। लोगों ने उनके निधन को बौद्धिक व वैचारिक जगत के लिए अपूरणीय क्षति बताया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार