एनडीए समर्थित जदयू उम्मीदवार के नामांकन सभा में उपमुख्यमंत्री सहित कई मंत्री पहुंचे छपरा
सारण, 05 अक्टूबर (हि.स.)। शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से एनडीए समर्थित जदयू उम्मीदवार ई आनंद पुष्कर ने सोमवार को अपना नामांकन पत्र भर प्रमंडलीय आयुक्त कार्यालय सारण में जमा किया। नामांकन से पूर्व छपरा के हेमनगर स्थित निजी विवाह भवन में एक चुनावी सभा का आयोजन किया गया, जिसकी अध्यक्षता जिला जदयू अध्यक्ष बैद्यनाथ प्रसाद सिंह विकल ने की। इस अवसर पर एनडीए के कई नेताओं और कार्यकर्ताओं ने प्रत्याशी को विजयी बनाने का आह्वान किया।
सभा को संबोधित करते हुए उपमुख्यमंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव ने कहा कि नीतीश कुमार की सरकार ने सदैव शिक्षकों के सम्मान और उनके हितों की रक्षा के लिए काम किया है। उन्होंने शिक्षकों की मांगों को पूरा करने का उल्लेख करते हुए भरोसा दिलाया कि वर्तमान सरकार आगे भी शिक्षक हित में तत्पर रहेगी। उन्होंने उपस्थित शिक्षक-शिक्षिकाओं से आनंद पुष्कर को विधान परिषद भेजकर अपनी मजबूत आवाज बनाने की अपील की।
शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने सरकार की उपलब्धियों की चर्चा करते हुए कहा कि राज्य सरकार शिक्षा और शिक्षकों के विकास के लिए प्रतिबद्ध है। वहीं, मंत्री श्रवण कुमार ने ई० आनंद पुष्कर को एनडीए का अधिकृत व योग्य प्रत्याशी बताते हुए पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार द्वारा शिक्षकों के लिए किए गए ऐतिहासिक कार्यों को रेखांकित किया।
एनडीए समर्थित उम्मीदवार ई आनंद पुष्कर ने अपने संबोधन में अपने पिता व पूर्व विधान पार्षद स्वर्गीय केदारनाथ पाण्डेय के योगदान को याद किया। उन्होंने कहा कि वे अपने पिता के नक्शेकदम पर चलते हुए हमेशा शिक्षकों की समस्याओं को सरकार के समक्ष मजबूती से उठाते रहेंगे और विधान परिषद में शिक्षकों के हक की लड़ाई लड़ेंगे।
कार्यक्रम में बिहार चुनाव प्रभारी सह विधायक रणधीर कुमार सिंह, विधायक केदारनाथ सिंह, विधान पार्षद प्रो डॉ वीरेंद्र नारायण यादव, विधायक विनय कुमार सिंह, मदरसा बोर्ड के अध्यक्ष सलीम परवेज, पूर्व विधायक छोटेलाल राय, भाजपा जिलाध्यक्ष रंजीत सिंह, जदयू के पूर्व जिलाध्यक्ष मुरारी सिंह सहित कई नेता उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार