छपरा नगर निगम की बोर्ड बैठक में जलजमाव, सड़क-नाला और आवास योजना सहित कई अहम प्रस्तावों को मिली मंजूरी

 




सारण, 04 नवंबर (हि.स.)। छपरा नगर निगम की बोर्ड बैठक महापौर लक्ष्मीनारायण गुप्ता की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में शहर के विकास, नागरिक सुविधाओं के विस्तार और बुनियादी समस्याओं के समाधान को लेकर कई महत्वपूर्ण एजेंडों पर मुहर लगी। सभी 45 वार्डों में विकास योजनाओं को प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति दी गई।

बैठक के दौरान मानसून में होने वाले जलजमाव की समस्या पर गंभीर चर्चा हुई। जल निकासी व्यवस्था को दुरुस्त करने, नालों की सफाई और अवरुद्ध नालों को चालू कराने के लिए आवश्यक कार्ययोजना तैयार करने का निर्णय लिया गया ताकि नागरिकों को राहत मिल सके। इसके साथ ही, सभी 45 वार्डों में सड़क और नाला निर्माण से जुड़ी निविदा पूर्व सूची की समीक्षा के बाद प्रशासनिक व वित्तीय स्वीकृति प्रदान की गई।

प्रधानमंत्री आवास योजना 2.0 के क्रियान्वयन की प्रगति की समीक्षा करते हुए पात्र लाभुकों को समय पर लाभ दिलाने और आवेदन प्रक्रिया को सुगम बनाने पर जोर दिया गया। शहर की प्रकाश व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए खराब स्ट्रीट लाइटों की तुरंत मरम्मत के निर्देश दिए गए। साथ ही, छपरा नगर निगम क्षेत्र के लिए हाई मास्ट और मिनी मास्ट लाइटों के प्रस्ताव को भी प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति दी गई।

एक अन्य महत्वपूर्ण निर्णय के तहत, पूर्व में कार्यरत टैक्स एजेंसी के क्रियाकलापों की जांच के लिए सिटी मैनेजर को नोडल पदाधिकारी नियुक्त किया गया है, जिन्हें आगामी बैठक में जांच रिपोर्ट सौंपनी होगी।

महापौर लक्ष्मीनारायण गुप्ता ने कहा कि छपरा का विकास हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी वार्डों में बिना किसी भेदभाव के विकास कार्यों को गति दी जाएगी। उन्होंने गुणवत्ता और पारदर्शिता के साथ योजनाओं को धरातल पर उतारने की बात कही तथा पार्षदों की सक्रिय सहभागिता के लिए उनका आभार व्यक्त किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार