सारण के अनुसूचित जाति बहुल गांवों में संत रविदास विकास शिविर का हुआ आयोजन
सारण, 27 अगस्त (हि.स.)। संत रविदास की 650वीं जयंती के पावन अवसर पर सारण जिले के अनुसूचित जाति बहुल गांवों में गुरु संत रविदास विकास शिविर का आयोजन किया जाएगा। इस विशेष अभियान का मुख्य उद्देश्य महादलित एवं अनुसूचित जाति परिवार के पात्र लाभुकों तक सरकार की सभी जनकल्याणकारी योजनाओं का शत-प्रतिशत लाभ पहुंचाना है।
अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति कल्याण विभाग तथा बिहार महादलित विकास मिशन के निर्देशानुसार यह अभियान 27 अगस्त 2026 से 15 फरवरी 2027 तक प्रत्येक गुरुवार को आयोजित होगा।
जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव ने बताया कि शिविर का आयोजन पारदर्शी और परिणामदायक बनाने के लिए आवेदन पहले ही प्राप्त कर लिए जाएंगे।
शिविर के दौरान पात्र लाभुकों के लंबित आवेदनों का मौके पर ही निष्पादन कर उन्हें अधिकार-पत्र और योजनाओं का प्रत्यक्ष लाभ वितरित किया जाएगा। कार्यक्रम के प्रभावी संचालन के लिए जिला स्तर पर जिला कल्याण पदाधिकारी तथा प्रखंड स्तर पर प्रखंड कल्याण पदाधिकारी को जिम्मेदारी सौंपी गई है।
क्षेत्रीय स्तर पर विकास मित्र, टोला सेवक, तालीमी मरकज और पंचायत सचिव घर-घर जाकर योजनाओं की जानकारी देंगे और शिविर की तिथि व स्थान से लोगों को अवगत कराएंगे। इन शिविरों में बीस सूत्री कार्यान्वयन समिति और जिला परिषद सदस्यों सहित स्थानीय जनप्रतिनिधियों को भी विशेष रूप से आमंत्रित किया जाएगा।
जिला प्रशासन, सारण ने आम जनमानस से अपील की है कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में आयोजित होने वाले इन विकास शिविरों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें, आवश्यक दस्तावेज जमा करें और सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का सीधा लाभ उठाएं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार