मंत्री श्रवण कुमार ने सोनपुर मेला में ग्राम श्री मंडप एवं प्रदर्शनी पंडाल का किया उद्घाटन
सारण, 28 नवंबर (हि.स.)। विश्व प्रसिद्ध हरिहर क्षेत्र सोनपुर मेला के अवसर पर शनिवार को ग्रामीण विकास एवं सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के मंत्री श्रवण कुमार ने मेला परिसर में ग्राम श्रीमंडप तथा सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के प्रदर्शनी पंडाल का विधिवत उद्घाटन किया। ग्राम श्रीमंडप में उप विकास आयुक्त लक्ष्मण तिवारी और प्रदर्शनी पंडाल में जिला जनसंपर्क पदाधिकारी डॉ नीना झा ने पुष्पगुच्छ भेंट कर मंत्री का स्वागत किया।
उद्घाटन के बाद मंत्री श्रवण कुमार ने ग्राम श्रीमंडप में जीविका दीदियों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया और उनके उत्पादों, स्वरोजगार तथा उद्यमशीलता के प्रयासों की जानकारी ली। उन्होंने जीविका दीदियों के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि महिला सशक्तीकरण की दिशा में पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के दूरदर्शी प्रयासों का असर आज गांव-गांव में दिख रहा है। स्वयं सहायता समूहों से जुड़कर महिलाएं आत्मनिर्भर बन रही हैं और उद्यमी के रूप में पहचान बना रही हैं।
उन्होंने बताया कि देश में सर्वाधिक स्वयं सहायता समूह बिहार में होना एक बड़ी उपलब्धि है। राज्य सरकार आर्थिक सहायता, प्रशिक्षण व अन्य सुविधाओं के माध्यम से महिलाओं को रोजगार और स्वरोजगार से जोड़ रही है। पंचायत व नगर निकायों में 50 प्रतिशत आरक्षण को मील का पत्थर बताते हुए उन्होंने बालिका पोशाक और साइकिल योजनाओं के सकारात्मक प्रभाव का उल्लेख किया।
आवास योजनाओं पर चर्चा करते हुए मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना और मुख्यमंत्री ग्रामीण आवास योजना के तहत जरूरतमंदों को पक्का मकान दिया जा रहा है। भूमिहीन परिवारों को आवास भूमि या मनचाहे स्थान पर जमीन खरीदने के लिए आर्थिक सहायता के साथ घर और शौचालय निर्माण में भी सहयोग मिल रहा है।
उन्होंने कहा कि लाखों युवाओं को सरकारी नौकरी व रोजगार देने के प्रयास जारी हैं और बिहार को देश के शीर्ष पांच विकसित राज्यों में शामिल करने का संकल्प है। उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के संकल्प को वर्तमान मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में आगे बढ़ाया जा रहा है।
इसके बाद मंत्री ने सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के प्रदर्शनी पंडाल का निरीक्षण कर जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रामाणिक जानकारी आम लोगों तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने का निर्देश दिया। वर्चुअल 3D मनोरंजन व्यवस्था का अवलोकन करते हुए उन्होंने बच्चों व युवाओं के मनोरंजन के साथ शिक्षाप्रद व जागरूकतापरक सामग्री दिखाने पर जोर दिया। अंत में उन्होंने सामूहिक सहभागिता से विकसित बिहार के निर्माण की अपील की।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार