सारण में बाढ़ से क्षतिग्रस्त सड़कों का मरम्मति कार्य तेज

 

सारण, 30 अक्टूबर (हि.स.)। जिले में बाढ़ के कारण क्षतिग्रस्त हुए विभिन्न पथों की मरम्मत और आवागमन को सुचारू रूप से बहाल करने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। सभी संबंधित कार्यपालक अभियंताओं को प्राथमिकता के आधार पर स्थलीय निरीक्षण कर मरम्मत कार्यों की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

इसी क्रम में जिला स्तर के प्रशासनिक पदाधिकारियों को विभिन्न पथ प्रमंडलों के साथ टैग करते हुए अनुश्रवण की जिम्मेदारी सौंपी गई है।जिला मत्स्य पदाधिकारी, सारण द्वारा कनीय अभियंता, मकेर के साथ मकेर प्रखंड अंतर्गत ग्रामीण कार्य विभाग द्वारा निर्मित बाढ़ से क्षतिग्रस्त पथों का स्थलीय सर्वेक्षण किया गया।

इस निरीक्षण के दौरान कुल 09 पथों की वर्तमान स्थिति का जायजा लिया गया। इनमें से 08 पथों पर आवागमन सुचारू रूप से चालू पाया गया, जबकि शेष 01 पथ पुरुषोत्तमपुर से नौकरहा पर मरम्मत कार्य तेजी से प्रगति पर है।

जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव ने सभी संबंधित अधिकारियों और अभियंताओं को आपसी समन्वय बनाकर मरम्मत कार्यों में तेजी लाने तथा निर्धारित समय-सीमा के भीतर कार्य पूर्ण करने का निर्देश दिया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार