सोनपुर मेला 2026 की युद्ध स्तर पर चल रही तैयारी जिलाधिकारी और एसएसपी ने की समीक्षा
सारण, 18 नवंबर (हि.स.)। विश्वप्रसिद्ध हरिहरनाथ क्षेत्र सोनपुर मेला-2026 के सफल, सुव्यवस्थित और आयोजन को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आ रहा है। मेले की तैयारियों को युद्ध स्तर पर अंतिम रूप दिया जा रहा है। इसी सिलसिले में अनुमंडल सभागार सोनपुर में जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव और वरीय पुलिस अधीक्षक रौशन कुमार की संयुक्त अध्यक्षता में एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में मेला क्षेत्र की आधारभूत संरचनाओं, सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, और सांस्कृतिक आयोजनों समेत विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने मेला क्षेत्र की लाइटिंग और प्रकाश व्यवस्था की गहन समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिया कि आवागमन मार्ग पर पर्याप्त और आकर्षक प्रकाश व्यवस्था में किसी भी प्रकार की कोताही नहीं होनी चाहिए।
इसके साथ ही मेला क्षेत्र की सभी स्ट्रीट लाइटों की समय रहते जांच और आवश्यक मरम्मत पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। पंडालों की सुरक्षा को लेकर जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि सभी पंडालों का निर्माण पूरा होने के बाद अग्निशमन, भवन निर्माण और विद्युत विभाग से विधिवत जांच कराकर सुरक्षा प्रमाण-पत्र प्राप्त किया जाए।
मेले में आने वाले लाखों श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए पार्किंग स्थलों, बैरिकेडिंग और ड्रॉप गेट की व्यवस्था की समीक्षा की गई। यातायात प्रबंधन को इस तरह लागू करने पर जोर दिया गया जिससे पर्यटकों को आवागमन में किसी असुविधा का सामना न करना पड़े।
वहीं स्वच्छता और पेयजल के मोर्चे पर नगर परिषद को पर्याप्त संख्या में शौचालय और यूरिनल बनाने, उनकी नियमित साफ-सफाई रखने तथा वाटर स्टैंड पोस्ट स्थापित करने का निर्देश दिया गया। प्रशासन की ओर से एक बेहतरीन पहल करते हुए सभी शौचालयों, यूरिनल्स और पेयजल स्टैंड पोस्ट की गूगल लोकेशन तैयार कर साझा करने का निर्देश दिया गया है, ताकि आगंतुकों को इन सुविधाओं की जानकारी आसानी से मिल सके।
मेले के फूड कोर्ट को लेकर एक खास निर्देश जारी किया गया है। डीएम ने कहा कि सोनपुर मेला के फूड कोर्ट में बिहार के सभी जिलों के विशिष्ट और पारंपरिक व्यंजनों के स्टॉल लगाए जाएं। इसके लिए विभिन्न जिलों से समन्वय स्थापित किया जा रहा है, ताकि देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों को एक ही स्थान पर बिहार के पारंपरिक खानपान की विविधता का अनूठा अनुभव मिल सके।
बैठक में सांस्कृतिक कार्यक्रमों, निर्धारित तिथियों पर होने वाली गंगा आरती और वर्चुअल 3D प्रदर्शन की तैयारियों का भी जायजा लिया गया। इसके अलावा, एशिया के सबसे बड़े पशु मेला की व्यवस्थाओं को सुदृढ़ करने के लिए जिला पशुपालन पदाधिकारी को पर्याप्त मोबाइल वेटरनरी यूनिट तैनात करने और पशुओं के स्वास्थ्य उपचार की पुख्ता व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार