सारण में शिक्षक निर्वाचन 2026 के मतदान और मतगणना की तैयारियां तेज
सारण, 14 अक्टूबर (हि.स.)। शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के निर्वाची पदाधिकारी-सह-आयुक्त मनीष कुमार की अध्यक्षता में बुधवार को आयुक्त कार्यालय सभागार में एक उच्चस्तरीय बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में पूर्वी चंपारण, पश्चिमी चंपारण, गोपालगंज, सीवान और सारण जिलों के सहायक निर्वाची पदाधिकारी-सह-जिला पदाधिकारी तथा सभी पांचों जिलों के पुलिस अधीक्षक उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान मतदान केंद्रों पर दीवार लेखन, मतदान कर्मियों की नियुक्ति एवं प्रशिक्षण, मतदान सामग्री की उपलब्धता, परिवहन व्यवस्था, मतपेटियों की सुरक्षा, पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति और नियंत्रण कक्ष के संचालन की क्रमवार समीक्षा की गई। आयुक्त ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्वाचन संबंधी दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन करने तथा आपसी समन्वय के साथ विधि-व्यवस्था बनाए रखने का निर्देश दिया।
विशेष रूप से मतपत्र आधारित मतदान प्रक्रिया पर चर्चा करते हुए बताया गया कि मतदाता अपनी पसंद के अभ्यर्थियों के लिए अधिमानता क्रम में अंक अंकित करेंगे। इसमें प्रथम अधिमानता का अंक अंकित करना अनिवार्य है, अन्यथा मतपत्र अवैध हो जाएगा। अधिमानता के लिए केवल अंतरराष्ट्रीय अथवा रोमन अंकों का प्रयोग ही मान्य होगा। अधिकारियों को मतदाताओं को इस प्रक्रिया के प्रति जागरूक करने पर विशेष बल देने को कहा गया।
निर्वाचन कार्यक्रम के अनुसार सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के लिए मतदान आगामी 23 अक्टूबर को प्रातः 8 बजे से अपराह्न 4 बजे तक होगा। वहीं, वोटों की गिनती 27 अक्टूबर को निर्धारित मतगणना केंद्र पर की जाएगी। इस चुनाव क्षेत्र के कुल 98 मतदान केंद्रों पर 10,748 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।
बैठक के अंत में सभी अधिकारियों को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और भयमुक्त वातावरण में चुनाव संपन्न कराने हेतु समय-सीमा के भीतर सभी तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए गए।
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार