सारण पुलिस ने मॉक ड्रिल कर परखी अपनी ताकत

 






सारण, 27 फ़रवरी (हि.स.)। आगामी होली के पावन पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए सारण पुलिस पूरी तरह एक्शन मोड में है।

पुलिस केंद्र में वरीय पुलिस अधीक्षक विनीत कुमार के नेतृत्व में एक मॉक ड्रिल एवं टियर गैस अभ्यास का आयोजन किया गया, जिसमें पुलिस बल की तैयारियों को परखा गया। इस विशेष अभ्यास सत्र का मुख्य उद्देश्य किसी भी संभावित विधि-व्यवस्था संकट या दंगे जैसी स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटना था। अभ्यास के दौरान पुलिस टीम ने प्रदर्शन किया कि कैसे कम से कम समय में भीड़ पर नियंत्रण पाया जाए और विभिन्न इकाइयों के बीच बेहतर तालमेल बिठाया जाए। इस दौरान जवानों ने दंगा नियंत्रण उपकरणों और टियर गैस गन के सुरक्षित एवं मानक संचालन का व्यावहारिक प्रदर्शन भी किया।

जवानों को संबोधित करते हुए एसएसपी विनीत कुमार ने कहा कि पर्व के दौरान अफवाह फैलाने वालों और असामाजिक तत्वों पर पुलिस की सतत निगरानी रहेगी। शांति और सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के विरुद्ध त्वरित और कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।आम नागरिकों में सुरक्षा का भाव पैदा करने के लिए क्षेत्र में पुलिस गश्त बढ़ाई जाए।

वरीय पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि पुलिस प्रशासन होली को लेकर पूरी तरह तत्पर और प्रतिबद्ध है। उन्होंने चेतावनी दी कि किसी भी परिस्थिति में विधि-व्यवस्था से खिलवाड़ करने की अनुमति किसी को नहीं दी जाएगी। पुलिस का लक्ष्य है कि जिले के सभी नागरिक निर्भय होकर रंगों के इस त्योहार को मना सकें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार