लूट की घटना का उद्भेदन, स्वर्णकार समेत 4 गिरफ्तार

 


सारण, 13 अक्टूबर (हि.स.)। मांझी थाना क्षेत्र में हुई लूट की घटना का पुलिस ने तकनीकी और मानवीय आसूचना के आधार पर उद्भेदन किया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए इस कांड में संलिप्त एक स्वर्णकार समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया है उनके पास से लूटे गए सोने व चांदी के आभूषण भी बरामद कर किया है।

वरीय पुलिस अधीक्षक कार्यालय द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार गत 17 सितंबर की रात्रि में मांझी थाना क्षेत्र अंतर्गत अज्ञात अपराधियों ने दीवार फांदकर एक घर में प्रवेश किया था। हथियार का भय दिखाकर बदमाशों ने परिजनों को आतंकित किया और घर में रखे सोने-चांदी के आभूषण व नगदी लूटकर फरार हो गए। इस मामले में मांझी थाना में प्राथमिक की दर्ज कर जांच प्रारंभ कर दिया गया था।

घटना की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक ने अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर-02 के नेतृत्व में एक विशेष एसआईटी टीम का गठन किया। एसआईटी ने वैज्ञानिक अनुसंधान और तकनीकी सहयोग से कक्कु नट, पिन्टू नट और उत्तम कुमार को पकड़ा। इनकी निशानदेही पर घटना में संलिप्त भागीरथ नट को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।

छापेमारी के दौरान पुलिस ने एक सोने का ढोलना, कान का झुमका, चांदी की पायल, चाबी रिंग, राखी, बिछिया, अंगूठी, ताबीज और बटन बरामद किया है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपितों का पहले से भी आपराधिक इतिहास रहा है, जिनके विरुद्ध कोपा थाना में कई मामले दर्ज हैं।

इस अभियान में एकमा अंचल के पुलिस निरीक्षक, विभिन्न थानों के थानाध्यक्ष और डीआईयू सारण की टीम शामिल रही। पुलिस अब आगे विधि-सम्मत् कानूनी कार्रवाई में जुटी हुई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार