सारण पुलिस ने आर्केस्ट्रा से दो नाबालिग लड़कियां को कराया मुक्त, संचालक गिरफ्तार
सारण, 01 अक्टूबर (हि.स.)। वरीय पुलिस अधीक्षक रौशन कुमार के निर्देशन में जनताबाजार थाना पुलिस और एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट की संयुक्त टीम ने मानव तस्करी व बाल शोषण के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल की है। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने आर्केस्ट्रा की आड़ में प्रताड़ित कर जबरन डांस कराई जा रही दो नाबालिग लड़कियों को मुक्त कराया है।
एसएसपी के निर्देश पर एएचटीयू प्रभारी निरीक्षक विशाल कुमार और थानाध्यक्ष जनताबाजार के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने जनताबाजार क्षेत्र में संचालित सुप्रीया एवं खुशबू आर्केस्ट्रा स्थलों पर छापेमारी की। मुक्त कराई गई बालिकाओं में एक पश्चिम बंगाल तथा दूसरी बिहार की निवासी है।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आर्केस्ट्रा संचालक कुसुम बर्मन रायगंज, उत्तर दिनाजपुर, पश्चिम बंगाल को मौके से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ जनताबाजार थाना में पुलिस ने बीएनएस, पॉक्सो एक्ट, जेजे एक्ट और अनैतिक व्यापार निवारण अधिनियम की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की विधिसम्मत कार्रवाई शुरू कर दी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार