बिहार-यूपी बॉर्डर पर सारण पुलिस ने 16 गोवंशों के साथ 5 तस्कर को किया गिरफ्तार

 




सारण, 30 अगस्त (हि.स.)। बिहार-उत्तर प्रदेश सीमा पर स्थित सारण जिले के मांझी थाना क्षेत्र में बलिया मोड़ वाहन जाँच के दौरान पांच पशु तस्कर गिरफ्तार। गुप्त सूचना के आधार पर रविवार को थानाध्यक्ष विनोद कुमार के नेतृत्व में चलाए गए विशेष चेकिंग अभियान के दौरान जयप्रभा सेतु के रास्ते यूपी के बलिया से बिहार लाए जा रहे 16 गोवंशों को सकुशल मुक्त कराया गया।

भागने का प्रयास कर रहे दो संदिग्ध पिकअप वाहनों को चारों तरफ से घेरकर पकड़ लिया। तलाशी लेने पर वाहनों में क्रूरतापूर्वक ठूंसे गए 6 गाय और 10 बछड़े बरामद हुए। पुलिस ने मौके से पांच शातिर तस्करों को गिरफ्तार किया है और दोनों पिकअप वाहनों को जब्त कर लिया है।

पशुओं की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए सभी 16 गोवंशों को यूपी स्थित कान्हा गौशाला के सुपुर्द कर दिया गया है। तस्करों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस इस अवैध नेटवर्क के अन्य सहयोगियों की तलाश में जुट गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार