सारण पुलिस ने दस वारंटी, सोलह शराब कारोबारियों समेत 61 लोगों को किया गिरफ्तार
सारण, 24 अगस्त (हि.स.)। जिले में अपराध नियंत्रण, कानून व्यवस्था बनाए रखने और अवैध शराब के निर्माण, भंडारण व परिवहन पर पूर्ण पाबंदी के उद्देश्य से पुलिस ने विशेष अभियान चलाया। वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में जिले भर में की गई इस कार्रवाई के दौरान विभिन्न मामलों में कुल 61 आरोपितों को गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार आरोपितों में सोलह शराब कारोबारी, शराब का सेवन करने वाले उन्नीस, दस वारंटी, हत्या के प्रयास के तीन, लूट के तीन, चोरी के तीन, धोखाधड़ी के चार, गृहभेदन का एक, अपहरण का एक और बलात्कार का एक आरोपित शामिल है।
अभियान के दौरान पुलिस ने 623.81 लीटर अवैध शराब जिनमें 333.81 लीटर विदेशी, 280 लीटर देशी व 10 लीटर स्प्रिट के साथ-साथ दो अपहृता, एक बोलेरो, एक मोटरसाइकिल, एक मोबाइल, एक जिंदा कारतूस और एक खोखा बरामद किया। इसके अतिरिक्त यातायात सुरक्षा व अपराध नियंत्रण के तहत 22 वाहनों से 22,000 रुपए अर्थदण्ड वसूला।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार