सारण पुलिस ने विशेष अभियान में 21 अभियुक्तों को किया गिरफ्तार
सारण, 04 फ़रवरी (हि.स.)। पुलिस ने अपराधियों और शराब माफियाओं के खिलाफ अपना शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। वरीय पुलिस अधीक्षक विनीत कुमार के निर्देश पर चलाए गए 24 घंटे के विशेष अभियान में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। इस कार्रवाई के दौरान 9 वारंटियों सहित कुल 21 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार वारंटी में नौ अभियुक्त, शराब का सेवन में सात, शराब कारोबार में तीन, आर्म्स एक्ट में एक और अन्य मामले में एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया गया है। शराबबंदी कानून को सख्ती से लागू करने के उद्देश्य से की गई छापेमारी में पुलिस ने कुल 262.755 लीटर अवैध शराब बरामद की है। इसमें 120 लीटर देशी और 142.755 लीटर विदेशी शराब शामिल है। इसके अलावा पुलिस ने परिवहन में प्रयुक्त एक मोटरसाइकिल और एक टोटो भी जब्त किया है। जिले में सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता करने के लिए चलाए गए वाहन चेकिंग अभियान में कुल 55 वाहनों से 1,24,500 रुपये का जुर्माना वसूला गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार