छपरा के कामता सखी मठ मार्ग में सालों से जलजमाव के कारण लोग त्रस्त
सारण, 12 सितंबर (हि.स.)। छपरा का दहियावा टोला और पूर्वी प्रभुनाथ नगर स्थित कामता सखी मठ मार्ग आज अपनी बदहाली पर आंसू बहा रहा है। राजनीति के कद्दावर लोगों, राजनेताओं और बड़े सरकारी अधिकारियों का ठिकाना माना जाने वाला यह क्षेत्र पिछले चार से पांच सालों से गंभीर जलजमाव की चपेट में है, जिससे यहाँ का जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया है और विकास के सारे दावे खोखले साबित हो रहे हैं।
स्थानीय निवासी सत्य प्रकाश वर्मा के अनुसार नगर निगम का गंदा पानी राष्ट्रीय राजमार्ग से इस मोहल्ले में प्रवेश करता है। लेकिन समस्या तब और विकराल हो गई जब सांढा से पीडब्ल्यूडी एवं आवास बोर्ड की सड़क को ऊंचा कर दिया गया। बिना किसी पुलिया या उचित नाले के निर्माण के जिसके कारण पानी का प्राकृतिक बहाव रुक गया और यह उत्तर चवर में जाने के बजाय सीधे प्रभुनाथ नगर एवं कामता मठ मोहल्ले की सड़कों पर हमेशा जमा रहता है।
स्थानीय निवासी अविनाश श्रीवास्तव ने बताया कि इस दूषित पानी के बीच रहने से बच्चों और बुजुर्गों में गंभीर त्वचा रोग तेजी से फैल रहे हैं। मनोज सिंह ने कहा कि नालियों के ओवरफ्लो होने से बच्चों का स्कूल जाना और बीमारों का अस्पताल पहुँचना दूभर हो गया है। पंकज सिंह और कृष्ण गुप्ता के अनुसार सड़कें पूरी तरह टूट चुकी हैं, हर कदम पर दुर्घटना का अंदेशा है और डेंगू-मलेरिया का खतरा मंडरा रहा है। कई बार ब्लॉक व आवास बोर्ड में लिखित गुहार लगाई गई, पर सिस्टम और जनप्रतिनिधि पूरी तरह मौन साधे बैठे हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार