छपरा में पैरा लीगल वालंटियर्स के लिए एक दिवसीय प्रमंडलीय जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
सारण, 30 अगस्त (हि.स.)। जिला विधिक सेवा प्राधिकार सारण के तत्वावधान में रविवार को समाहरणालय परिसर स्थित सभागार में पैरा लीगल वालंटियर्स के लिए एक दिवसीय प्रमंडलीय जागरूकता एवं प्रेरणा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में सारण प्रमंडल के तीनों जिलों छपरा, सिवान और गोपालगंज के नवचयनित वालंटियर्स ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम का संचालन पैनल अधिवक्ता सुनीता कुमारी ने किया।
इसका मुख्य उद्देश्य समाज के अंतिम पायदान पर खड़े लोगों तक विधिक सहायता और न्याय की सुगम पहुंच सुनिश्चित करना था। कार्यक्रम में बिहार राज्य विधिक सेवा प्राधिकार के संयुक्त सचिव संतोष पाण्डेय, सारण के डालसा सचिव राजीव कुमार, गोपालगंज के डालसा सचिव अनूप कुमार उपाध्याय, एसीजेएम संजय कुमार व मनीष कुमार, अपर समाहर्ता मुकेश कुमार और मुख्य लीगल एड डिफेंस काउंसिल पूर्णेन्दु रंजन सहित कई अधिकारी उपस्थित रहे।
न्यायिक अधिकारियों ने वालंटियर्स को संबोधित करते हुए कहा कि वे न्यायपालिका और आम जनता के बीच एक मजबूत कड़ी हैं। उन्होंने मुफ्त विधिक सहायता योजनाओं, राष्ट्रीय लोक अदालत, मध्यस्थता प्रणाली और कमजोर वर्गों के संवैधानिक अधिकारों की विस्तृत जानकारी दी। इस दौरान वालंटियर्स को टोल फ्री हेल्पलाइन नंबर 15100 के बारे में बताया गया और उनसे जरूरतमंदों तक यह जानकारी पहुंचाकर निःशुल्क न्याय दिलाने में सहयोग करने की अपील की गई।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार