संत रविदास की 650वीं जयंती पर विशेष अभियान में हर बृहस्पतिवार महादलित टोलों में लगेंगे शिविर : जिलाधिकारी
सारण, 20 अगस्त (हि.स.)। संत शिरोमणि रविदास जी की 650वीं जयंती के पावन अवसर पर जिले में विशाल सामाजिक और कल्याणकारी अभियान चलाया जा रहा है। मीडिया प्रतिनिधियों के साथ आयोजित एक बैठक में जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव ने इस बहुआयामी अभियान की विस्तृत रूपरेखा साझा की।
उन्होंने मीडिया के माध्यम से आम लोगों तक इस संदेश को व्यापक रूप से पहुंचाने की अपील की। अभियान के तहत 18 से 20 अगस्त तक जिले और प्रखंडों में भव्य कलश यात्राएं निकाली गईं। इसके मुख्य चरण में 27 अगस्त 2026 से 15 फरवरी 2027 के बीच प्रति बृहस्पतिवार जिले के सभी अनुसूचित जाति टोलों में विशेष शिविरों का आयोजन किया जाएगा।
इन शिविरों के ज़रिए पात्र परिवारों को सरकार की 22 कल्याणकारी योजनाओं से आच्छादित करने का लक्ष्य है। जागरूकता बढ़ाने के लिए अंतर-विद्यालय खेल, साइकिल रैली, निबंध लेखन, वाद-विवाद व प्रश्नोत्तरी जैसी सामाजिक गतिविधियां भी आयोजित की जाएंगी। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि इस पहल का मुख्य उद्देश्य अनुसूचित जाति समुदाय का सामाजिक-आर्थिक सशक्तिकरण करना है।
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार