एकमा-मांझी-बरौली पथ पर सड़क दुर्घटना में बुजुर्ग की मौत
सारण, 24 अगस्त (हि.स.)। एकमा-मांझी-बरौली पथ पर सोमवार की सुबह एक सड़क दुर्घटना में बाइक की ठोकर से बुजुर्ग की मौत हो गई। मृतक की पहचान एकमा नगर पंचायत वार्ड 18 निवासी हबीब मियां के 65 वर्षीय पुत्र पान मोहब्बत के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, पान मोहब्बत सुबह शौच के लिए जा रहे थे।
इसी दौरान महेंदार जा रहे बाइक सवार चार युवकों ने उन्हें जोरदार ठोकर मार दी। स्थानीय लोगों की मदद से गंभीर रूप से घायल बुजुर्ग को एकमा सीएचसी लाया गया, जहां से प्राथमिक इलाज के बाद उन्हें सदर अस्पताल छपरा रेफर कर दिया गया।
छपरा पहुंचने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। दुर्घटना के बाद बाइक सवार युवक सीएचसी से फरार हो गए। पुलिस ने शव का पंचनामा बनाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और दुर्घटनाग्रस्त बाइक को जब्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है। इस घटना से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार