रक्षा मंत्री से मिले नवनिर्वाचित विधान पार्षद डॉ राहुल राज
सारण, 16 नवंबर (हि.स.)। सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से नवनिर्वाचित विधान पार्षद डॉ राहुल राज ने देश के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से शिष्टाचार मुलाकात की। इस मुलाकात का उद्देश्य शिक्षकों की न्यायसंगत और लंबित मांगों को पूरा कराने के लिए एनडीए सरकार का समर्थन करते हुए उनका आशीर्वाद प्राप्त करना था।
विधान पार्षद डॉ राहुल राज ने विज्ञप्ति के माध्यम से बताया कि इस बैठक में सारण क्षेत्र के शिक्षकों से जुड़े विभिन्न ज्वलंत मुद्दों पर चर्चा हुई, साथ ही शिक्षकों की समस्याओं का विशेष रूप से ध्यान आकृष्ट कराया। उन्होंने कहा कि शिक्षक समाज हमारी शिक्षा व्यवस्था की रीढ़ हैं। उनके सम्मान, आर्थिक सुरक्षा और अधिकारों की अनदेखी कर गुणवत्तापूर्ण शिक्षा की कल्पना नहीं की जा सकती।
इस अवसर पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने डॉ राहुल राज को उनकी जीत पर हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दीं। डॉ राहुल राज ने कहा कि रक्षा मंत्री का स्नेह और मार्गदर्शन उन्हें लंबे समय से मिलता रहा है। इस भेंट में भी उन्होंने एक अभिभावक की तरह स्नेह प्रदान करते हुए शिक्षकों के विषयों को गंभीरता से सुना और मार्गदर्शित किया।
डॉ राहुल राज ने स्पष्ट किया कि शिक्षकों के सम्मान और अधिकार से जुड़े मुद्दे उनके लिए केवल चुनावी विषय नहीं, बल्कि एक सतत संकल्प हैं। चुनाव के दौरान किए गए वादों को धरातल पर उतारने के लिए सड़क से सदन तक शिक्षकों की आवाज बुलंद करने और उनके अधिकारों की लड़ाई को निर्णायक मुकाम तक पहुंचाने का उनका प्रयास पूरी प्रतिबद्धता से जारी रहेगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार