सोनपुर में बाबा हरिहरनाथ मंदिर की दर्शन और पूजन की नई समय-सारणी जारी

 


सारण, 18 नवंबर (हि.स.)। विश्व प्रसिद्ध सोनपुर मेले के अवसर पर बाबा हरिहरनाथ मंदिर प्रशासन ने श्रद्धालुओं के लिए दर्शन और पूजन की नई समय-सारणी जारी कर दी है। यह व्यवस्था 20 नवंबर से 24 दिसंबर तक लागू रहेगी।

मंदिर प्रशासन के अनुसार प्रतिदिन प्रातः 4:30 बजे मंदिर के पट खुलेंगे और सायं 4:00 बजे तक गर्भगृह में दर्शन एवं रुद्राभिषेक किया जा सकेगा। हालांकि दोपहर 12:00 से 12:30 बजे तक आधे घंटे के लिए राजभोग के कारण दर्शन बंद रहेंगे।

वहीं सायं 4:30 बजे से शृंगार की तैयारी शुरू होगी और सायं 6:00 बजे भव्य महाआरती होगी। रात्रि 9:00 बजे शयन आरती के पश्चात मंदिर के पट बंद कर दिए जाएंगे।

मंदिर प्रशासन ने सभी श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे समय-सारणी का पालन करें और शांतिपूर्ण तरीके से बाबा के दर्शन कर व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग दें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार