सांसद राजीव प्रताप रूडी के नेतृत्व में अमनौर में हुई एनडीए की बैठक
सारण, 17 अक्टूबर (हि.स.)। शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से एनडीए समर्थित जदयू प्रत्याशी के समर्थन में आज अमनौर में एक एनडीए बैठक आयोजित की गई। सांसद एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री राजीव प्रताप रूडी के नेतृत्व में हुई इस बैठक का उद्देश्य शिक्षक मतदाताओं को एकजुट करना और एनडीए प्रत्याशी की जीत सुनिश्चित करना रहा।
सभा को संबोधित करते हुए सांसद राजीव प्रताप रूडी ने कहा कि एनडीए के सभी घटक दलों की एकजुटता और बेहतर आपसी समन्वय इस चुनाव की जीत की कुंजी है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे शिक्षक मतदाताओं के बीच जनसंपर्क अभियान को और तेज करें तथा केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों को हर शिक्षक तक पहुंचाएं।
सांसद रूडी ने शिक्षकों के हितों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा करते हुए अनुदानित विद्यालयों के शिक्षकों के वेतनमान और सातवें वेतनमान से संबंधित मांगों पर गंभीर पहल की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने विश्वास जताया कि आनंद पुष्कर के सदन में पहुंचने से शिक्षकों की समस्याओं को जोरदार तरीके से उठाया जा सकेगा।
बैठक में नागरिक परिषद के उपाध्यक्ष अजय सिंह, तरैया विधायक जनक सिंह, सोनपुर विधायक विनय सिंह, अमनौर विधायक मंटू सिंह, छपरा विधायक छोटी कुमारी, पूर्व विधायक डॉ. सीएन गुप्ता, अरवल विधायक व चुनाव को-ऑर्डिनेटर पप्पू वर्मा और भाजपा जिला अध्यक्ष रणजीत सिंह सहित कई नेता उपस्थित रहे। सभी नेताओं ने मिलकर चुनाव में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार